TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Gold Rate Today: फिर चढ़े सोने के भाव, 622 रुपये हुआ महंगा, चांदी में आई गिरावट

सोने की कीमतों में 5 मई को तेजी देखने को मिली है, हालांकि रिटेल की कीमतों में अंतर नहीं पड़ा है. ग्‍लोबल लेवल पर भी सोने के रेट में उछाल देखने को मिला है. हालांकि चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट देखने को मिली है, जिससे खरीदारों को थोड़ी राहत मिलेगी. तो क्‍या है गोल्‍ड रेट में उछाल की वजह, जानें डिटेल.

सोने के दाम में गिरावट Image Credit: @tv9

Gold and Silver Rate Today: सोने-चांदी के दाम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. बीतें दिनों जहां सोने के दाम में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई थी, वहीं 5 मई यानी सोमवार को इसमें दोबारा तेजी देखने को मिली है. MCX पर आज सोना 622 रुपये चढ़कर 93,259 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. हालांकि चांदी में 159 रुपये की गिरावट देखने को मिली. जिससे ये लुढ़ककर 93,130 रुपये प्रति किलो पहुंच गई.

रिटेल में भाव है स्थिर

एमसीएक्‍स पर भले ही सोने के भाव में आज उछाल देखने को मिला हो, लेकिन रिटेल लेवल पर सोने की कीमत दो दिनों से स्थिर है. तनिष्‍क की वेबसाइट के मुताबिक 5 मई को 24 कैरेट वाले गोल्‍ड की कीमत 9595 रुपये प्रति ग्राम दर्ज की गई. यानी 10 ग्राम सोने की कीमत 95,950 रुपये दर्ज की गई, 4 मई को भी इसके यही रेट थे. वहीं कल्‍याण ज्‍वेलर्स के Candere वेबसाइट के मुताबिक आज 24 कैरेटे सोने के दाम 95,580 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है.

ग्‍लोबल लेवल पर भी सोने में तेजी

सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमत 0.44% की बढ़ोतरी के साथ 3,256.05 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. बीते छह महीनों में सोने ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 22 अप्रैल को 3,500 डॉलर का ऐतिहासिक उच्च स्तर छुआ था. इतना ही नहीं, 14 मार्च को पहली बार सोने ने 3,000 डॉलर प्रति औंस का आंकड़ा पार किया, जिसने निवेशकों को हैरान कर दिया.

यह भी पढ़ें: आज से खुल रहा है इस ज्‍वेलरी कंपनी का IPO, पैसा लगाने से पहले चेक कर लें GMP में कितना है दम

क्‍या है उछाल की वजह?

वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताएं, अमेरिका-चीन व्यापार तनाव, और कमजोर डॉलर ने सोने-चांदी को निवेशकों का पसंदीदा सुरक्षित ठिकाना बना दिया है. भारत में शादी का सीजन और त्योहारी मांग भी कीमतों को हवा दे रही है. विशेषज्ञों का कहना है कि सोने की कीमतें जल्द ही 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच सकती हैं, जबकि चांदी भी नए रिकॉर्ड बना सकती है.