124 करोड़ दौलत! कौन हैं BMC चुनाव के सबसे अमीर उम्मीदवार मकरंद नार्वेकर, 9 साल में 1868% बढ़ी संपत्ति
महाराष्ट्र की राजनीति का सेमिफाइनल माने जाने वाले बीएमसी चुनाव में अब सिर्फ चार दिन बचे हैं. 15 जनवरी को मतदान होगा. देश के सबसे अमीर नगर निगम पर कब्जे के लिए दलों के बीच कड़ा मुकाबला है. विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर के छोटे भाई मकरंद नार्वेकर सबसे धनी उम्मीदवार हैं. उनकी घोषित संपत्ति 124.4 करोड़ रुपये है, जो पिछले नौ सालों में 1,868% बढ़ी है.
BMC Election: महाराष्ट्र की राजनीति का सेमिफाइनल कहे जाने वाले बीएमसी चुनाव में अब सिर्फ चार दिन बचे हैं. सभी उम्मीदवारों ने जोर-शोर से दावेदारी पेश कर दी है. 15 जनवरी 2026 को बीएमसी के साथ-साथ महाराष्ट्र के 29 अन्य नगर निगमों में मतदान होगा. देश के सबसे अमीर नगर निगम पर कब्जे के लिए हमेशा से राजनीतिक दलों के बीच जबरदस्त जंग होती आई है. लेकिन क्या आपको पता है कि इस बार देश के सबसे धनी नगर निगम के सबसे अमीर उम्मीदवार कौन हैं?
उनका नाम है मकरंद नार्वेकर. भाजपा के टिकट पर वार्ड 226 से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे मकरंद महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर के छोटे भाई हैं. उनकी घोषित संपत्ति 124.4 करोड़ रुपये है. भाजपा उम्मीदवार मकरंद और उनकी पत्नी की कुल संपत्ति पिछले नौ सालों में लगभग 1,868 प्रतिशत बढ़ी है. चुनाव में कई अन्य उम्मीदवारों ने भी अपनी बड़ी संपत्ति घोषित की है, लेकिन मकरंद सबसे आगे हैं.
मकरंद नार्वेकर की संपत्ति में भारी बढ़ोतरी
47 साल के मकरंद नार्वेकर पेशे से वकील हैं. उनके चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति में 32.14 करोड़ रुपये चल संपत्ति और 92.32 करोड़ रुपये अचल संपत्ति शामिल है. उनकी देनदारियां 16.68 करोड़ रुपये हैं, जिसमें बैंक और अन्य कर्ज शामिल हैं. 2017 के चुनाव में उन्होंने 6.3 करोड़ और 2012 में 3.67 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी. इस वित्तीय वर्ष (2025-26) में उनकी आय 2.77 करोड़ रुपये है.
संपत्ति में शामिल है जमीन, गाड़ियां और फ्लैट
मकरंद की संपत्ति में बैंक में 6.66 लाख रुपये जमा हैं. उनके पास तीन गाड़ियां हैं. दो टोयोटा फॉर्च्यूनर (40.75 लाख और 38.75 लाख रुपये) और एक मारुति ग्रैंड विटारा (9 लाख रुपये). परिवार और अन्य से 30.11 करोड़ रुपये की रकम मिलनी बाकी है. दक्षिण मुंबई के कोलाबा में 7.99 करोड़ का फ्लैट है. इसके अलावा, 29 कृषि भूमि के टुकड़े हैं, ज्यादातर अलीबाग, रायगढ़ जिले में हैं. ये जमीनें 2022 से 2025 के बीच खरीदी गईं, जिनकी कुल कीमत 92.32 करोड़ रुपये है.
अन्य अमीर उम्मीदवारों की संपत्ति
राहुल नार्वेकर की भाभी हर्षिता नार्वेकर वार्ड 225 से चुनाव लड़ रही हैं और उनकी संपत्ति 63.62 करोड़ रुपये है, जिसमें 39.22 करोड़ रुपये अचल संपत्ति है. 2017 में यह 10.74 करोड़ थी. पूर्व शिवसेना विधायक सदा सरवंकर के बेटे समाधान सरवंकर की संपत्ति 46.59 करोड़ और शिवसेना (यूबीटी) की उम्मीदवार श्रद्धा जाधव की 46.34 करोड़ रुपये है. हर्षिता के पति अश्विन ने अलीबाग और गोवा में जमीनें खरीदीं, जिसमें गोवा की संपत्ति मकरंद के साथ साझा है.
चुनाव में विवाद और आरोप
विपक्षी पार्टियों ने स्पीकर राहुल नार्वेकर पर बीएमसी नामांकन प्रक्रिया में दखल देने और सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं, जिन्हें उन्होंने राजनीतिक साजिश बताकर खारिज किया है. मकरंद के खिलाफ वार्ड 226 से चुनाव लड़ रही तेजल पवार ने कहा कि उन पर और उनके पति पर नाम वापस लेने का दबाव है. तेजल निर्दलीय हैं लेकिन शिवसेना (यूबीटी) और एमएनएस का समर्थन है.
Latest Stories
CJP Protest: कैंसिल हुई 245 ट्रेनें, विरोध प्रदर्शन के चक्कर में आम जनता की बढ़ी परेशानी
Diet Coke पीने वालों को झटका! इन शहरों में ₹70 की मिल रही ₹50 वाली कैन, ये है वजह
10 अक्टूबर को बंद रहेंगे दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन! घर से निकलने से पहले देखें पूरी लिस्ट
