पर्सनल लोन की है जरूरत? करें फायदे का सौदा, बस इन 5 बातों पर कर लें गौर
पर्सनल लोन लेने के लिए क्या लगेगा. कितना ब्याज देना होगा. कितने रुपये तक का मिलेगा. अगर इन सब बातों को लेकर आपके मन में कोई सवाल है. तो यहां उन सबका आपको जवाब मिलेगा. आइए जानते हैं वे कौन सी 5 जरूरी बाते हैं, जिन्हें पर्सनल लोन लेने से पहले जान लेना चाहिए.
अगर आपको अपने किसी का इलाज कराने या फिर बच्चे की पढ़ाई या अचानक ही पैसों की जरूरत आ गई है? ऐसे में पर्सनल लोन आपका बड़ा सहारा बन सकता है. आज के दौर में तो पर्सनल लोन घर बैठे ही एप के जरिए मिल जाता है. अगर आप भी पर्सनल लोन लेने की सोच रहे हैं तो कुछ बातों को ध्यान में जरूर रखिए. आइए हम आपको बताते हैं कि कौन सी वो बातें हैं जो आपको लोन लेने से पहले जान लेनी चाहिए, नहीं तो मुसीबत में फंस सकते हैं.
पर्सनल लोन अक्सर लोग अपनी आपातकालीन जरूरतों को पूरा करने के लिए लेते हैं. ये लोन किसी बैंक या गैर बैंकिंग संस्था के जरिए ले सकते हैं. पर्सनल लोन असुरक्षित लोन की श्रेणी में आता है, इसे लेने के लिए आपको किसी भी तरीके के एसेट गिरवी नहीं रखना पड़ता है. सीधा सा मतलब यह है कि पर्सनल लोन लेने में किसी भी तरीके का झंझट नहीं आता है. बशर्ते आप पात्र हों. पात्रता में जो मुख्य बात है वो व्यक्ति की कमाई है. इसमें आप अपनी मंथली सैलरी के 20 गुना से ज्यादा लोन नहीं ले सकते हैं. ये कुछ पर्सनल लोन के बारे में बेसिक जानकारियां थीं. अब हम आपको ऐसी 5 बातें बताएंगे, जिनको आपको लोन लेने से पहले ध्यान में रखना जरूरी हैं, जिसके जरिए आप इसे फायदे का सौदा बना सकते हैं.
कितना तक का मिलेगा लोन
पर्सनल लोन मिल तो जाता है, लेकिन कितना मिलता है इसके कुछ नियम हैं. वैसे तो बैंक या जहां से आप लोन ले रहे हैं. वहां आपकी महीने की इनकम से 20 गुना ज्यादा का लोन नहीं मिलेगा. जैसे मान लीजिए आपकी तनख्वाह हर महीने 30 हजार रुपये है तो आपको 6 लाख से ज्यादा का पर्सनल लोन नहीं मिलेगा और इसमें भी अगर पहले से लोन लिया है तो वह राशि भी गिनी जाती है. मतलब कि अगर आपने पहले 3 लाख का लोन लिया है. उसे नहीं चुकाया है और फिर लोन लेना चाहते हैं तो बैंक सिर्फ 3 लाख तक का ही लोन देगा. इसके पीछे का कारण यही होता है कि किसी ग्राहक को इतना ही लोन दिया जाए, जितना की वह आसानी से चुका सके.
लोन लेने के लिए जरूरी कागजात
बैंक पर्सनल लोन देने के लिए के लिए कुछ कागजात मांगता है, जिनमें से लोन लेने वाले व्यक्ति की सैलरी स्लिप, इनकम टैक्स रिटर्न शामिल हैं. इसके अलावा लोन लेने के लिए पैन कार्ड, एड्रेस प्रूफ भी लगते हैं.
पर्सनल लोन पर कितना देना होगा ब्याज
पर्सनल लोन पर बैंक वैसे ज्यादा ब्याज लेते हैं. अमूमन ब्याज की दर 12 से 18 फीसदी के बीच रहती है. पर्सनल लोन में ब्याज कितना देना होगा. इसके कई फैक्टर होते हैं. जैसे कि उस व्यक्ति का क्रेडिट स्कोर कितना है. उसका पुराना रिकॉर्ड कितना है. इन सब बातों पर ब्याज दर निर्भर करती है.
कितना क्रेडिट स्कोर होना जरूरी है
क्रेडिट स्कोर को सिबिल स्कोर भी कहते है. इसका सीधा सा मतलब आपके पुराने बैंकिंग रिकॉर्ड से है. अगर सिबिल स्कोर अच्छा रहेगा तो ब्याज कम देना होगा और अगर खराब रहा तो ब्याज ज्यादा होगा. बैंक पर्सनल लोन देने के लिए क्रेडिट स्कोर चेक करते है. अगर वह 700 से नीचे होता है तो लोन रिक्वेस्ट रिजेक्ट भी कर देते हैं.
कब-कब ले सकते हैं पर्सनल लोन
पर्सनल लोन लेने के लिए कोई खास कारण बताना जरूरी नहीं होता है. बच्चे की पढ़ाई, घर लेने के लिए, दवा के लिए, कहीं घूमने फिरने जाने के लिए पर्सनल लोन लिया जा सकता है.
Latest Stories
NRI के लिए FCNR अकाउंट क्यों है खास, जानें टैक्स फ्री कमाई समेत और क्या मिलते हैं फायदे
PPF में 5 अप्रैल से पहले करें निवेश, बन सकता है ₹40 लाख फंड; 1 दिन की देरी से हो सकता है 3 लाख तक का नुकसान
बिना एड्रेस प्रूफ मिलेगा 5 किलो वाला गैस सिलेंडर, फटाफट करें ये काम, दाम भी कम
