अयोध्या में अमिताभ बच्चन का तीसरा बड़ा दांव, ₹35 करोड़ में खरीदी 2.67 एकड़ जमीन; रियल एस्टेट में लगातार बढ़ा रहे निवेश
बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में 2.67 एकड़ जमीन करीब 35 करोड़ रुपये में खरीदी है. यह जमीन हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट के पास स्थित है. अयोध्या में बच्चन का यह तीसरा और कुल मिलाकर चौथा रियल एस्टेट निवेश है, जो शहर के तेजी से बढ़ते प्रॉपर्टी मार्केट को भी दिखाता है.
Amitabh Bachchan Buys Land in Ayodhya: अयोध्या में तेजी से बढ़ते रियल एस्टेट बाजार के बीच बॉलीवुड के महानायक कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन ने एक और बड़ा निवेश किया है. रियल्टी कंपनी हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (HoABL) ने जानकारी दी है कि बच्चन ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 2.67 एकड़ जमीन करीब 35 करोड़ रुपये में खरीदी है. यह जमीन कंपनी के लग्जरी लैंड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ के पास स्थित है, जो करीब 75 एकड़ में विकसित किया जा रहा है. कंपनी के मुताबिक यह जमीन AB कॉर्प लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश यादव के जरिए खरीदी गई है. इस निवेश के साथ ही अयोध्या में अमिताभ बच्चन की यह तीसरी जमीन खरीद बन गई है, जबकि कुल मिलाकर यह उनका चौथा रियल एस्टेट निवेश है.
पहले भी कर चुके हैं निवेश
अमिताभ बच्चन इससे पहले भी अयोध्या में HoABL के प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ में जमीन खरीद चुके हैं. जनवरी 2024 में उन्होंने इसी प्रोजेक्ट के तहत एक प्लॉट खरीदा था. इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र के अलीबाग में कंपनी के ‘सोल दे अलीबाग’ प्रोजेक्ट में भी लगभग 10,000 वर्ग फुट का प्लॉट लिया था. इस तरह बच्चन लगातार जमीन आधारित निवेश पर भरोसा दिखा रहे हैं, जिसे लंबे समय के लिए सुरक्षित और मूल्य बढ़ाने वाला एसेट माना जाता है.
क्यों खास बन रहा है अयोध्या का रियल एस्टेट
HoABL के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा का कहना है कि अमिताभ बच्चन का निवेश इस बात का संकेत है कि जमीन को आज भी पीढ़ियों तक मूल्य बनाए रखने वाली संपत्ति के रूप में देखा जाता है. उन्होंने कहा कि अयोध्या के प्रति लोगों की आस्था और यहां तेजी से हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास इसे लंबी अवधि के निवेश के लिए बेहद आकर्षक बना रहा है. राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या में पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर दोनों तेजी से बढ़ रहे हैं. एयरपोर्ट, नए होटल, सड़क और अन्य सुविधाओं के विस्तार के कारण यह शहर रियल एस्टेट निवेशकों के लिए बड़ा केंद्र बनता जा रहा है.
तेजी से बढ़ रहा HoABL का कारोबार
साल 2020 में स्थापित हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा आज भारत की प्रमुख ब्रांडेड लैंड डेवलपमेंट कंपनियों में शामिल हो चुकी है. कंपनी का फोकस जमीन खरीद और विकास की प्रक्रिया को पारदर्शिता, तकनीक और भरोसे के साथ आसान बनाना है. पिछले पांच वर्षों में कंपनी 1.3 करोड़ वर्ग फुट से अधिक विकसित जमीन बेच चुकी है और वर्तमान में करीब 3.4 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र में प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है.
देश के कई शहरों में मौजूदगी
HoABL के प्रोजेक्ट्स फिलहाल अलीबाग, अंजारले, अयोध्या, वृंदावन, दापोली, गोवा, खोपोली, नागपुर और नेरल जैसे शहरों में मौजूद हैं. इसके अलावा कंपनी अमृतसर, शिमला और वाराणसी में भी नए प्रोजेक्ट्स शुरू करने की योजना बना रही है. कंपनी का लक्ष्य आने वाले समय में देश के 48 शहरों तक अपने प्रोजेक्ट्स का विस्तार करना है, खासकर उन जगहों पर जहां पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण जमीन की मांग तेजी से बढ़ रही है.
मुंबई में भी शुरू किए नए प्रोजेक्ट
हाल ही में HoABL ने वर्टिकल रियल एस्टेट यानी मल्टी-स्टोरी प्रोजेक्ट्स के क्षेत्र में भी कदम रखा है. कंपनी मुंबई में तीन बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है, जिनका कुल क्षेत्रफल करीब 31 लाख वर्ग फुट बताया जा रहा है. अयोध्या में अमिताभ बच्चन का यह नया निवेश इस बात का संकेत माना जा रहा है कि आने वाले वर्षों में यह शहर न केवल धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनेगा बल्कि रियल एस्टेट निवेश के लिहाज से भी देश के बड़े हॉटस्पॉट्स में शामिल हो सकता है.
ये भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे लॉन्च को तैयार, 1 अप्रैल से टोल शुरू; मेरठ से प्रयागराज का 12 घंटे का सफर होगा आसान
Latest Stories
गंगा एक्सप्रेसवे लॉन्च को तैयार, 1 अप्रैल से टोल शुरू; मेरठ से प्रयागराज का 12 घंटे का सफर होगा आसान
रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, इन व्यस्त रूट पर बिछेंगी नई लाइनें, सफर होगा तेज और आसान
6 घंटे में पूरा होगा दिल्ली से कटरा तक का सफर! अगले साल से NE5 एक्सप्रेसवे पर फर्राटा भरेंगी गाड़ियां
