गंगा एक्सप्रेसवे लॉन्च को तैयार, 1 अप्रैल से टोल शुरू; मेरठ से प्रयागराज का 12 घंटे का सफर होगा आसान
उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेसवे मार्च 2026 के अंत तक शुरू होने जा रहा है. मेरठ के बिजौली गांव से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबा यह मार्ग 12 जिलों को जोड़ेगा. एक अप्रैल से टोल वसूली शुरू होने की संभावना है. 120 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा, नौ रेस्ट एरिया और आधुनिक सुविधाएं इसे खास बनाती हैं.
Ganga Expressway: उत्तर प्रदेश को जल्द ही उसका सबसे लंबा एक्सप्रेसवे मिलने जा रहा है. मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाला 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे मार्च 2026 के अंत तक शुरू होने की तैयारी में है. सरकार 25 से 31 मार्च के बीच इसके भव्य उद्घाटन की योजना बना रही है. एक अप्रैल से इस पर टोल वसूली भी शुरू हो सकती है. इससे NCR से प्रयागराज की यात्रा जो पहले करीब 12 घंटे लेती थी, वह काफी कम समय में पूरी हो सकेगी. आम यात्रियों से लेकर कारोबारियों तक सभी को इसका सीधा फायदा मिलेगा.
गंगा एक्सप्रेसवे का रूट
यह एक्सप्रेसवे मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जुदापुर दांडू तक जाएगा. यह कुल 12 जिलों को जोड़ता है जिनमें हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली और प्रतापगढ़ शामिल हैं. मेरठ दिल्ली NCR के लिए प्रवेश द्वार की तरह काम करेगा. शाहजहांपुर में 3.5 किलोमीटर लंबी इमरजेंसी एयर स्ट्रिप बनाई गई है जहां वायुसेना के विमान उतर सकेंगे. प्रयागराज में यह एक्सप्रेसवे महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों में बड़ी राहत देगा.
यात्रियों के लिए क्या होंगी खास सुविधाएं
गंगा एक्सप्रेसवे को एक्सेस कंट्रोल तरीके से तैयार किया गया है. इसका मतलब है कि बीच में अनकंट्रोल वाहन या पशु नहीं आ सकेंगे. यहां अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है जिससे यात्रा तेज और सुरक्षित होगी. पूरे रास्ते में नौ बड़े रेस्ट एरिया बनाए गए हैं जहां फूड कोर्ट, पेट्रोल पंप और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी. गंगा और रामगंगा नदियों पर बड़े पुल भी बनाए गए हैं जो इस परियोजना की खास पहचान हैं.
रियल एस्टेट और कारोबार पर असर
एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ और प्रयागराज में प्रॉपर्टी की मांग तेजी से बढ़ी है. बिजौली के पास लोग जमीन और गोदाम खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं. प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में फ्लैट और कमर्शियल प्रॉपर्टी की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है. उन्नाव और हरदोई जैसे शहरों में वेयरहाउस और लॉजिस्टिक हब तेजी से विकसित हो रहे हैं. दिल्ली तक सामान पहुंचाने में अब कम समय लगेगा जिससे व्यापार को नई गति मिलेगी.
ये भी पढ़ें- Gold-Silver Price Today 04-03-2026: सोना चांदी हुए महंगे, 163510 रुपये पहुंचा गोल्ड, सिल्वर में हल्की तेजी
राज्य के विकास में बड़ी छलांग
करीब 36000 करोड़ रुपये की लागत से बना यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा. इसके शुरू होने से पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच दूरी कम महसूस होगी. यात्रियों का समय बचेगा और उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. सरकार को उम्मीद है कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी. अगर आप कार से लंबी दूरी की यात्रा करते हैं तो आपकी सफर अब पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाली है.
Latest Stories
रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, इन व्यस्त रूट पर बिछेंगी नई लाइनें, सफर होगा तेज और आसान
6 घंटे में पूरा होगा दिल्ली से कटरा तक का सफर! अगले साल से NE5 एक्सप्रेसवे पर फर्राटा भरेंगी गाड़ियां
GPA या एग्रीमेंट पर ली है प्रॉपर्टी? जल्दी करा लें ये जरुरी काम वरना छिन सकता है आपका मालिकाना हक
