कतर का एक बयान और बिखर गया शेयर मार्केट, 45 मिनट में 600 अंक टूटा; निवेशकों के डूबे 2.68 लाख करोड़ रुपये
कतर के एनर्जी मिनिस्टर के एक बयान के बाद भारतीय शेयर बाजार में अचानक तेज गिरावट देखने को मिली. ट्रेडिंग के आखिरी घंटे में सेंसेक्स करीब 600 अंक टूट गया, जबकि निफ्टी में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई. कच्चे तेल की कीमत 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने की आशंका ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी. बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला.
Indian share market: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच कतर के एनर्जी मिनिस्टर के एक बयान ने भारतीय शेयर बाजार में अचानक बड़ी गिरावट ला दी. शुक्रवार को ट्रेडिंग के आखिरी घंटे में सेंसेक्स सिर्फ 45 मिनट के भीतर 627 अंक तक टूट गया. बाजार में यह तेज गिरावट उस समय आई, जब खबर आई कि अगर मिडिल ईस्ट का युद्ध बढ़ता है तो कच्चे तेल की कीमत 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है. इस खबर ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी और बाजार में तेज बिकवाली शुरू हो गई.
45 मिनट में बाजार में आई तेज गिरावट
मार्केट में यह गिरावट दोपहर के बाद तेजी से देखने को मिली. दोपहर करीब 2:25 बजे सेंसेक्स 79,439 के आसपास ट्रेड कर रहा था, लेकिन 3:15 बजे तक यह गिरकर 78,812 के स्तर पर पहुंच गया. दिन के अंत में सेंसेक्स 1,097 अंक या 1.37 फीसदी गिरकर 78,918.90 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 315.45 अंक टूटकर 24,450.45 पर बंद हुआ. इस गिरावट के चलते सेंसेक्स की कंपनियों का मार्केट कैप आज 2.68 लाख करोड़ रुपये घट गया.
कतर के बयान से बढ़ी बाजार की चिंता
फाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कतर के एनर्जी मिनिस्टर साद अल काबी ने चेतावनी दी कि अगर मिडिल ईस्ट में युद्ध तेज होता है और खाड़ी देशों से एनर्जी सप्लाई बाधित होती है, तो तेल की कीमत 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि हालात बिगड़ने पर खाड़ी क्षेत्र के कई एनर्जी प्रोड्यूसर देशों को फोर्स मेज्योर घोषित कर सप्लाई रोकनी पड़ सकती है.
बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव
बाजार में आई इस गिरावट का सबसे ज्यादा असर बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर पर देखने को मिला. बैंक निफ्टी में 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. ICICI Bank (3.26 फीसदी गिरावट) और HDFC Bank (2.36 फीसदी गिरावट) जैसे बड़े बैंकिंग शेयरों में भी दबाव देखने को मिला.
हफ्तेभर में बाजार को बड़ा झटका
पूरे हफ्ते की बात करें तो सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में करीब 4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. यह गिरावट पिछले कई महीनों में सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट में से एक मानी जा रही है. विशेषज्ञों के मुताबिक अगर कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर रहती हैं, तो इसका असर बाजार और अर्थव्यवस्था दोनों पर पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: $90 के पार पहुंचा क्रूड ऑयल, $100 का खतरा कितना बड़ा? जानें भारत के लिए क्यों है ये बुरी खबर, कहां पड़ेगा ज्यादा असर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
ईरान-इजराइल टेंशन से LNG सप्लाई प्रभावित, GNFC की यूरिया प्रोडक्शन पर पड़ सकता है असर; एक्सचेंज फाइलिंग में दी जानकारी
Mazagon Dock के शेयर में फिर तेजी, एक सप्ताह में 10 फीसदी उछाल; क्या 3000 रुपये तक पहुंचेगा स्टॉक?
Closing Bell: 1097 अंक गिरकर बंद हुआ सेंसेक्स, निफ्टी में भी बड़ी गिरावट; ICICI बैंक और SBI के शेयर धड़ाम
