IT Stocks में घबराहट या मौका? सोमवार को थम सकती है गिरावट, Morgan Stanley रिपोर्ट ने बदला नजरिया
शुक्रवार को IT शेयरों में आई तेज गिरावट के बाद निवेशकों में AI को लेकर चिंता बढ़ गई है. हालांकि Morgan Stanley की ताजा रिपोर्ट का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भारतीय IT कंपनियों के लिए खतरा नहीं, बल्कि लंबी अवधि में ग्रोथ का नया इंजन बन सकता है. गिरते वैल्यूएशन और बेहतर डिविडेंड यील्ड के बीच सोमवार को सेक्टर में स्थिरता के संकेत मिल सकते हैं. जानें क्या है रिपोर्ट में.
IT Stock Crash amid AI and Morgan Stanley: शुक्रवार, 13 फरवरी को भारतीय शेयर बाजार में IT सेक्टर की जोरदार पिटाई ने निवेशकों को चौंका दिया. आईटी स्टॉक्स के लिए इस दिन को ब्लैक फ्राइडे तक कहा जाने लगा है. बीते कुछ सत्रों में Nifty IT इंडेक्स में तेज गिरावट आई और बड़े दिग्गज शेयर अपने हालिया उच्च स्तरों से काफी नीचे फिसल गए. बाजार में यह डर गहराने लगा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तेजी कहीं भारतीय IT कंपनियों के पारंपरिक बिजनेस मॉडल को कमजोर न कर दे.
लेकिन सोमवार, 16 फरवरी को जब बाजार खुलेगा, तस्वीर उतनी नकारात्मक रहे यह जरूरी नहीं. ये बात हम नहीं बल्कि हाल ही में आई Morgan Stanley की रिपोर्ट कहती है. मॉर्गन स्टैनली की रिपोर्ट इस डर के उलट एक मजबूत तर्क पेश करती है. ब्रोकरेज का कहना है कि AI भारतीय IT सेक्टर के लिए खतरा नहीं, बल्कि लॉन्ग टर्न के लिए एक अच्छा अवसर साबित हो सकता है.
घबराहट की वजह क्या थी?
हालिया गिरावट की बड़ी वजह AI को लेकर बढ़ती अनिश्चितता रही. नई जनरेटिव AI तकनीकों और ऑटोमेशन टूल्स ने यह आशंका पैदा की कि पारंपरिक “हेडकाउंट-बेस्ड बिलिंग” मॉडल जहां ‘ज्यादा कर्मचारी मतलब ज्यादा रेवेन्यू’ पर असर पड़ सकता है. अगर कम लोगों से ज्यादा काम हो सकता है, तो क्या कंपनियों की कमाई प्रभावित होगी? इसके अलावा, अमेरिका से आए मजबूत रोजगार आंकड़ों ने भी दबाव बढ़ाया. इससे संकेत मिला कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व जल्द ब्याज दरों में कटौती नहीं करेगा. ऊंची दरों का मतलब है कि अमेरिकी और यूरोपीय क्लाइंट्स IT खर्च को लेकर सतर्क रह सकते हैं. खासतौर पर इन दो फैक्टर्स ने मिलकर IT शेयरों में बिकवाली को तेज किया.
Morgan Stanley का अलग नजरिया
हालांकि Morgan Stanley का आकलन बाजार की मौजूदा घबराहट से अलग है. ईटी ने अपनी एक रिपोर्ट में स्टेनली के रिपोर्ट के हवाले से लिखा है कि AI पारंपरिक IT सर्विसेज को खत्म नहीं करेगा, बल्कि काम के नए सेक्टर को तैयार करेगा. एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी सिस्टम काफी जटिल होते हैं- पुराने लेगेसी कोड, कस्टमाइज्ड सॉफ्टवेयर, अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स का इंटीग्रेशन और साइबर सिक्योरिटी जैसी जरूरतें बनी रहेंगी. AI इन प्रक्रियाओं को तेज और कुशल बना सकता है, लेकिन इन्हें लागू करने, कस्टमाइज करने और मैनेज करने के लिए IT सर्विस कंपनियों की विशेषज्ञता जरूरी रहेगी.
रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि AI को अपनाने के लिए कंपनियों को सिस्टम अपग्रेड, डेटा क्लीन-अप, क्लाउड माइग्रेशन और AI गवर्नेंस जैसे नए प्रोजेक्ट्स शुरू करने होंगे. ये सभी सेक्टर भारतीय IT कंपनियों के लिए संभावित ग्रोथ ड्राइवर बन सकते हैं.
वैल्यूएशन भी दे रहे संकेत
तेज गिरावट के बाद कई बड़ी IT कंपनियों के वैल्यूएशन काफी नीचे पहुंच गए हैं. फ्री कैश फ्लो और डिविडेंड यील्ड कई मामलों में ऐतिहासिक औसत के करीब या उससे बेहतर दिखाई दे रहे हैं. ऐसे में लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह स्टेज पूरी तरह नकारात्मक नहीं माना जा सकता. कई निवेशक इस भाव पर ‘बाय ऑन डिप’ की रणनीति अपनाते हुए नए शेयरों की खरीदारी कर सकते हैं.
क्या सोमवार को थमेगी गिरावट?
सोमवार, 16 फरवरी को बाजार की दिशा कई कारकों पर निर्भर करेगी. इसमें- ग्लोबल संकेत, अमेरिकी बाजारों का रुख और निवेशकों का सेंटीमेंट अहम रहेंगे. मालूम हो कि शुक्रवार को दिग्गज आईटी स्टॉक्स में बड़े स्तर पर गिराटव दर्ज की गई.

लेकिन Morgan Stanley की रिपोर्ट ने कम से कम यह धारणा मजबूत की है कि AI को लेकर जो “अस्तित्व का संकट” बताया जा रहा है, वह शायद अतिशयोक्ति हो. संभव है कि शुरुआती घंटों में वोलैटिलिटी बनी रहे, लेकिन अगर निवेशक इस रिपोर्ट को सकारात्मक संकेत के रूप में लेते हैं तो IT शेयरों में गिरावट की रफ्तार थमती दिख सकती है.
ये भी पढ़ें- 16 फरवरी को इन 6 कंपनियों का लॉक-इन खत्म, बाजार में आएंगे ₹3653 करोड़ के 11.9 करोड़ शेयर; रखें नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
परफ्यूम इंडस्ट्री की बढ़ती मांग से चमका अरोमा केमिकल मार्केट, इन 3 कंपनियों पर रख सकते हैं नजर
बाजार की गिरावट के बीच ये 3 शेयर भरेंगे निवेशकों का पॉकेट, कहीं स्टॉक स्प्लिट तो कहीं बोनस का तोहफा
16 फरवरी को इन 6 कंपनियों का लॉक-इन खत्म, बाजार में आएंगे ₹3653 करोड़ के 11.9 करोड़ शेयर; रखें नजर
