Lodha Devlopers ने पुणे की कंपनी में खरीद ली 80% हिस्सेदारी, Q3FY26 रिजल्ट भी है मजबूत, सोमवार को फोकस में शेयर

रियल एस्टेट सेक्टर की एक बड़ी डील ने बाजार का ध्यान खींचा है. एक नामी कंपनी ने अपने विस्तार के लिए अहम कदम उठाया है, जिसका असर आने वाले कारोबारी सत्र में शेयर पर दिख सकता है. मजबूत फाइनेंशियल्स और बीते रिटर्न के बाद अब निवेशकों को इंतजार है शेयर के चाल की.

शेयरों पर रखें नजर Image Credit: Money9 Live

रियल एस्टेट सेक्टर की दिग्गज कंपनी Lodha Developers ने अपने विस्तार की रणनीति को आगे बढ़ाते हुए पुणे के रियल्टी बाजार में बड़ा दांव खेला है. कंपनी ने पुणे स्थित सॉलिडराइज रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड में 80 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है. यह सौदा भले ही बिजनेस विस्तार से जुड़ा हो, लेकिन शेयर बाजार की नजर अब इस बात पर टिकी है कि सोमवार को इस खबर का लोढा डेवलपर्स के स्टॉक पर क्या असर दिखता है.

पुणे में एंट्री को मिली मजबूती

लोढा डेवलपर्स ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि उसने सॉलिडराइज रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड (SRPL) में 80 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी खरीदने के लिए शेयर परचेज एग्रीमेंट किया है. इस अधिग्रहण की कुल लागत करीब 294.07 करोड़ रुपये है. इस सौदे के बाद SRPL, लोढ़ा डेवलपर्स की सब्सिडियरी बन जाएगी. SRPL पुणे में रियल एस्टेट बिजनेस से जुड़ी कंपनी है, और इस निवेश के जरिए लोढ़ा अपनी मौजूदगी पुणे के हाउसिंग मार्केट में और मजबूत करना चाहती है.

मजबूत फाइनेंशियल परफॉर्मेंस का सहारा

कंपनी के हालिया वित्तीय नतीजे भी इसकी विस्तार रणनीति को सपोर्ट करते हैं. पिछली तिमाही यानी 2025-26 की तीसरी तिमाही में लोढ़ा डेवलपर्स का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 1 फीसदी बढ़कर 956.9 करोड़ रुपये रहा. एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 944.4 करोड़ रुपये था. वहीं कंपनी की कुल आय बढ़कर 4,775.4 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 4,146.6 करोड़ रुपये थी.

लोढ़ा डेवलपर्स लगातार अपने जमीन बैंक को भी मजबूत कर रही है. अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी ने मुंबई, दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु में 5 जमीन के टुकड़े खरीदे हैं. इन पर बनने वाले प्रोजेक्ट्स की अनुमानित बिक्री कीमत करीब 34,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है. कंपनी सीधे खरीद के साथ-साथ लैंडओनर्स के साथ पार्टनरशिप मॉडल पर भी काम कर रही है.

यह ही पढ़ें: इस हफ्ते बाजार किसके इशारे पर चलेगा? US Fed Minutes, FIIs और Gold-Silver सबसे बड़े फैक्टर, एक्सपर्ट की क्या है राय

शेयरों का क्या है हाल

शुक्रवार को लोढा डेवलपर्स के शेयरों में मामूली गिरावट देखने को मिली थी और स्टॉक 1,073 रुपये के आसपास ट्रेड करता नजर आया. पिछले एक साल में इस शेयर ने करीब 6 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया है, हालांकि पिछले 5 साल में यह शेयर करीब 393 फीसदी का रिटर्न दे चुका है. ऐसे में पुणे डील की खबर के बाद सोमवार को निवेशकों की नजर इस स्टॉक की चाल पर टिकी रहेगी.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.