945% रिटर्न देने वाले इस शेयर पर रहेगी नजर, कमजोर Q3 से दबाव में रह सकता है स्टॉक; रखें रडार पर

स्मॉल-कैप मल्टीबैगर कंपनी Sindhu Trade Links के शेयर सोमवार, 16 फरवरी को चर्चा में रह सकते हैं, क्योंकि दिसंबर तिमाही के नतीजों में मुनाफा और इनकम दोनों में गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि नौ महीने का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है, लेकिन हालिया कमजोरी के कारण शेयर में दबाव बने रहने की आशंका है. जानें क्या है नतीजों का हाल.

फोकस में रहेगा ये स्टॉक Image Credit: @Money9live

Sindhu Trade Links Share and Q3 Result: स्मॉल-कैप कैटेगरी की मल्टीबैगर कंपनी Sindhu Trade Links के शेयर सोमवार, 16 फरवरी को चर्चा में रहने की संभावना है, क्योंकि कंपनी ने 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही (Q3 FY26) के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं. शुक्रवार, 13 फरवरी को कंपनी का शेयर गिरावट के साथ बंद हुआ और BSE पर 4.84 फीसदी फिसलकर 23 रुपये पर आ गया, जिससे निवेशकों में सतर्कता देखी गई.

कैसा था तिमाही नतीजा?

दिसंबर तिमाही में कंपनी के प्रदर्शन पर दबाव साफ दिखाई दिया. सिंधु ट्रेड का नेट प्रॉफिट साल-दर-साल आधार पर लगभग 61 फीसदी घटकर 5.74 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले वर्ष इसी तिमाही में कंपनी ने 14.60 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था. कंपनी की ऑपरेशन इनकम (Revenue from Operations) में भी गिरावट आई और यह 16 फीसदी घटकर 95.33 करोड़ रुपये रह गई. कुल आय 97.41 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जिसमें अधिकांश हिस्सा मुख्य परिचालन गतिविधियों से आया. कर से पहले लाभ 7.11 करोड़ रुपये रहा, जबकि कर के बाद प्रति शेयर आय (EPS) 0.04 रुपये रही. पिछली तिमाही की तुलना में भी कंपनी का प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा, जिसका मुख्य कारण ऑपरेटिंग इनकम में कमी बताया जा रहा है.

9 महीने का प्रदर्शन बेहतर

हालांकि, वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों का कुल प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा. इस अवधि में कंपनी की कुल इनकम 334.38 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जबकि कर से पहले लाभ 23 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 16.38 करोड़ रुपये रहा. कंपनी ने अपने विविध कारोबार- जैसे परिवहन व लॉजिस्टिक्स, तेल एवं लुब्रिकेंट्स, फाइनेंस और निवेश, और ऑयल ड्रिलिंग सर्विसेज से स्थिर इनकम बनाए रखी, जिससे कुल कारोबार को सहारा मिला.

क्या है शेयर का हाल?

शेयर की चाल पर नजर डालें तो हाल के दिनों में इसमें दबाव बना हुआ है. पिछले पांच कारोबारी सत्रों में यह करीब 11 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है. हालांकि, लंबी अवधि में प्रदर्शन मजबूत रहा है- एक महीने में लगभग 16 फीसदी और एक साल में करीब 35 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है. साल 2026 की शुरुआत से अब तक शेयर लगभग 14 फीसदी चढ़ चुका है, जबकि पिछले पांच वर्षों में निवेशकों को 945 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न देकर यह मल्टीबैगर साबित हुआ है.

हलचल तय!

सिंधु ट्रेड का शेयर बीएसई और एनएसई दोनों पर लिस्टेड है. पिछले एक साल में इसका उच्चतम स्तर 39.29 रुपये (7 जुलाई 2025) और न्यूनतम स्तर 12.90 रुपये (12 मार्च 2025) रहा है. यानी स्टॉक अपने हाई से तकरीबन 16 रुपये डिस्काउंट पर कारोबार कर रहा है. हालिया तिमाही नतीजों को देखते हुए कल यानी सोमवार, 16 फरवरी को शेयरों में दबाव बरकरार रह सकता है. 

FIIs ने बढ़ाई हिस्सेदारी

तमाम दबाव और कमजोर तिमाही नतीजों से उलट, विदेशी निवेशकों ने इस स्टॉक में अपनी हिस्सेदारी को बढ़ाया है. सितंबर, 2025 तक कंपनी में 2.93 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाली विदेशी निवेशकों ने एक तिमाही यानी 3 महीने में उसे बढ़ाकर 3.18 फीसदी कर दिया है. यानी 0.25 फीसदी की हिस्सेदारी बढ़ गई.

ये भी पढ़ें- फरवरी महीने में FPI की दमदार वापसी, 15 दिन में ₹19,675 करोड़ रुपये की खरीदारी, क्या बाजार में लौटेगी रौनक

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.