T20 WC Trophy का जयपुर कनेक्शन! इसने बनाई चमचमाती ट्रॉफी; जानें किसकी बनी सोने या चांदी? बनारसी साड़ी ने किया कमाल

ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप की चमचमाती ट्रॉफी का एक खास रिश्ता राजस्थान के जयपुर से जुड़ा है, जहां इसे तैयार किया गया था. वहीं फाइनल मुकाबले के मौके पर वाराणसी के बुनकरों ने भारतीय खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट थीम पर आधारित खास बनारसी साड़ियां भी तैयार की हैं.

ICC टी20 वर्ल्ड कप और जयपुर कनेक्शन Image Credit: @Money9live

ICC T20 WC Trophy and Jaipur Connection: ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप दुनिया के सबसे रोमांचक क्रिकेट टूर्नामेंट्स में से एक माना जाता है. हर बार जब यह टूर्नामेंट होता है तो पूरी दुनिया की नजरें खिलाड़ियों के प्रदर्शन, बड़े मुकाबलों और चमकदार ट्रॉफी पर टिकी रहती हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस प्रतिष्ठित T20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का एक खास रिश्ता जयपुर शहर से भी जुड़ा हुआ है. दरअसल, इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को तैयार करने का काम जयपुर के एक डिजाइनर ने किया था, जिसने इसे अपनी कला और तकनीकी समझ से एक खास पहचान दी.

टी20 का जयपुर से खास कनेक्शन

जयपुर के मशहूर ट्रॉफी डिजाइनर अमित पाबूवाल ने इस ट्रॉफी को तैयार किया था. उन्होंने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का मूल डिजाइन ऑस्ट्रेलिया की डिजाइन फर्म Minale Bryce ने तैयार किया था. यह डिजाइन सबसे पहले 2007 में बनाया गया, जब टी20 वर्ल्ड कप का पहला सीरिज आयोजित किया गया था. डिजाइन तैयार होने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ट्रॉफी को असल रूप देने की जिम्मेदारी अमित पाबूवाल को सौंपी.

शुरू में नहीं हो पाया था तैयार

पाबूवाल के अनुसार, शुरुआत में आईसीसी की योजना ट्रॉफी को टाइटेनियम और ग्लास के मिक्सचर से बनाने की थी, ताकि इसका लुक टी20 क्रिकेट की तेज और आधुनिक शैली को दर्शा सके. इस विचार पर कई बार प्रयोग भी किए गए और कई प्रोटोटाइप तैयार किए गए. हालांकि तकनीकी स्तर पर यह प्रयोग सफल नहीं हो पाया. जब भी कांच के हिस्से को धातु के ढांचे के साथ जोड़ा जाता, तो वह टूट जाता था. कई कोशिशों के बाद पाबूवाल ने आईसीसी को सलाह दी कि यह कॉम्बिनेशन तकनीकी रूप से टिकाऊ नहीं रहेगा.

किससे बनी ट्रॉफी- सोना या चांदी?

इसके बाद ट्रॉफी के अंतिम डिजाइन में बदलाव किया गया और इसे चांदी से बनाकर उस पर प्लेटिनम की परत चढ़ाई गई. इस तरीके से ट्रॉफी मजबूत भी बनी और उसकी चमक-दमक भी बरकरार रही, जो एक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए उपयुक्त मानी गई. पाबूवाल ने बताया कि आज भी इस ट्रॉफी का मूल संस्करण आईसीसी मुख्यालय में सुरक्षित रखा जाता है, जबकि टूर्नामेंट जीतने वाली टीम को उसी जैसी एक समान रेप्लिका ट्रॉफी दी जाती है.

ट्रॉफी की कैसी होती है आकार?

आकार और बनावट की बात करें तो टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी करीब 21 इंच ऊंची है और इसका वजन लगभग 6 किलोग्राम है. चांदी और प्लेटिनम की परत से बनी यह ट्रॉफी न सिर्फ देखने में आकर्षक है बल्कि इसकी बनावट भी काफी मजबूत है. दिलचस्प बात यह भी है कि अमित पाबूवाल इससे पहले क्रिकेट के लिए दुनिया की सबसे बड़ी सिल्वर ट्रॉफी ‘फ्रेंडशिप कप’ भी डिजाइन कर चुके थे. इसी काम ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई और बाद में आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी तैयार करने का जिम्मा उन्हें दिया.

बनारस शहर ने भी दिखाई दिलचस्पी

इधर, टी20 वर्ल्ड कप फाइनल को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है और कई शहरों में इस बड़े मुकाबले से जुड़ी खास तैयारियां भी की गई हैं. वाराणसी के बुनकरों ने भी इस मौके को खास बनाने के लिए एक अनोखी पहल की है. यहां के कारीगरों ने क्रिकेट थीम पर आधारित 15 विशेष बनारसी साड़ियां तैयार की हैं, जिन्हें टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ियों को उपहार के तौर पर दिया जाएगा.

कैसे तैयार हुई वाराणसी की साड़ियां

लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के सचिव सर्वेश श्रीवास्तव के अनुसार इन साड़ियों का डिजाइन बेहद खास तरीके से तैयार किया गया है. साड़ी पर भारत द्वारा जीते गए सभी वर्ल्ड कप ट्रॉफियों के डिजाइन और उनके वर्ष को बारीकी से बुना गया है. इसके साथ ही इस साल के टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी का डिजाइन भी साड़ियों में शामिल किया गया है.

साड़ी को ऐसे बनाया गया खास?

साड़ी के बॉर्डर में क्रिकेट से जुड़े खास प्रतीक जैसे बैट और बॉल के डिजाइन बनाए गए हैं, जबकि पूरी साड़ी की बुनाई पारंपरिक बनारसी शैली में की गई है. हर साड़ी को अलग-अलग सजावटी बॉक्स में पैक किया गया है. खास बात यह भी है कि जिन खिलाड़ियों की शादी हो चुकी है, उनके लिए तैयार साड़ियों के साथ उनकी और उनकी पत्नी की तस्वीर भी लगाई गई है. वहीं अविवाहित खिलाड़ियों के लिए उनके व्यक्तिगत फोटो भी पैकेज में शामिल किए गए हैं.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ Final: टीम इंडिया के 5 सबसे अमीर खिलाड़ी? हार्दिक पांड्या, बुमराह या सूर्यकुमार, कौन है सबसे ज्यादा पैसे वाला