एग्री से लेकर जेम्स और ज्वेलरी तक, अमेरिका में ये भारतीय प्रोडक्ट होंगे टैरिफ फ्री; $13 बिलियन फार्मा एक्सपोर्ट पर लगेगी जीरो ड्यूटी

भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड डील फ्रेमवर्क के तहत भारतीय निर्यातकों को बड़ी राहत मिली है. वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के अनुसार इस समझौते से एग्रीकल्चर, फार्मा और हाई वैल्यू मैन्युफैक्चरिंग प्रोडक्ट को अमेरिका में जीरो ड्यूटी एक्सेस मिला है. चाय, मसाले, फल, सब्जियां, मशरूम और अन्य कृषि उत्पाद अब बिना टैरिफ अमेरिका भेजे जा सकेंगे. करीब 13 बिलियन डॉलर के फार्मा एक्सपोर्ट पर भी शून्य शुल्क लागू होगा.

भारत अमेरिका ट्रेड डील Image Credit: money9live.com

India US trade deal: भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड डील फ्रेमवर्क को लेकर वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत भारत ने अमेरिका में अपने कई एक्सपोर्ट प्रोडक्ट के लिए शून्य शुल्क यानी जीरो ड्यूटी एक्सेस हासिल कर लिया है. एग्रीकल्चर, फार्मा और हाई वैल्यू मैन्युफैक्चरिंग गुड्स इस समझौते के सबसे बड़े लाभार्थी होंगे. गोयल के मुताबिक यह करार किसानों के हितों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है और इससे घरेलू एग्रीकल्चर सेक्टर को किसी भी तरह का नुकसान नहीं होगा.

एग्रीकल्चर प्रोडक्ट को मिला अमेरिकी मार्केट में जीरो ड्यूटी एक्सेस

प्रेस ब्रीफिंग में पीयूष गोयल ने साफ किया कि भारत के कई एग्रीकल्चर प्रोडक्ट अब अमेरिका में बिना किसी इंपोर्ट ड्यूटी के भेजे जा सकेंगे. इनमें चाय, मसाले, कफी, नारियल तेल, कोप्रा और वेजिटेबल वैक्स जैसे प्रोडक्ट शामिल हैं. इसके अलावा फ्रूट्स और वेजिटेबल्स की एक लंबी सूची भी है, जिन्हें अब अमेरिकी मार्केट में टैरिफ फ्री एंट्री मिलेगी. इनमें केला, आम, अमरूद, एवोकाडो, कीवी, पपीता, अनानास, मशरूम, सब्जी की जडें, अनाज, जौ, बेकरी प्रोडक्ट, कोको प्रोडक्ट, तिल, खसखस और साइट्रस जूस शामिल हैं. गोयल ने दोहराया कि सरकार ने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया है जिससे भारतीय किसानों के हितों पर आंच आए.

फार्मा और मैन्युफैक्चरिंग को बड़ा फायदा

एग्रीकल्चर के बाद सबसे बड़ा फायदा फार्मास्युटिकल सेक्टर को मिलने जा रहा है. गोयल के अनुसार भारत का लगभग 13 बिलियन डॉलर का फार्मा एक्सपोर्ट अब अमेरिका में जीरो ड्यूटी पर होगा. इससे भारतीय दवा कंपनियों की प्रतिस्पर्धा और मजबूत होगी और अमेरिकी मार्केट में उनकी हिस्सेदारी बढ़ने की संभावना है. इसके साथ ही जेम्स और ज्वेलरी, डायमंड, प्लेटिनम, सिक्के, घड़ियां और वॉचेस जैसे हाई वैल्यू प्रोडक्ट को भी बिना शुल्क पहुंच मिलेगी.

भविष्य में स्मार्टफोन और अन्य प्रोडक्ट भी शामिल

वाणिज्य मंत्री ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में भारत से अमेरिका एक्सपोर्ट होने वाले स्मार्टफोन पर भी शून्य शुल्क लागू होगा. इसके अलावा एयरक्राफ्ट और मशीनरी पार्ट्स, जेनेरिक ड्रग्स, एसेंशियल ऑयल, चुनिंदा होम डेकोर आइटम जैसे शैंडेलियर, बीज, इनऑर्गेनिक केमिकल और कंपाउंड्स को भी जीरो ड्यूटी का लाभ मिलेगा. खास बात यह है कि इन प्रोडक्ट पर भारत की ओर से कोई रेसिप्रोकल टैरिफ नहीं लगाया जाएगा.

यह भी पढ़ें: इन अनाजों-मसालों का व्यापार करते हैं तो अमेरिकी टैरिफ से सुरक्षित है आपका बाजार, डेयरी पर भी नहीं आई आंच