Parag Parikh Flexi Cap Fund में बड़ा फेरबदल, ITC-TCS सहित इन पर बढ़ा दांव, एग्जिट के साथ नए शेयर भी शामिल

देश के सबसे बड़े फ्लेक्सी-कैप फंड्स में शामिल पराग पारिख फ्लेक्सी कैप फंड ने जनवरी 2026 में अपने पोर्टफोलियो में कई अहम बदलाव किए. फंड का AUM बढ़कर करीब 1.34 लाख करोड़ रुपये हो गया. इस दौरान ITC, TCS, HDFC बैंक और M&M जैसे बड़े शेयरों में हिस्सेदारी बढ़ाई गई, जबकि कोल इंडिया और MCX में कटौती की गई. वहीं, भारती एयरटेल से पूरी तरह एग्जिट लेते हुए CIE ऑटोमोटिव और CMS इन्फो सिस्टम को नए निवेश के रूप में जोड़ा गया.

पराग पारिख फ्लेक्सी कैप फंड का पोर्टफोलियो बदला Image Credit: @Money9live

Parag Parikh Flexi Cap Fund Portfolio Changes: देश के सबसे बड़े एक्टिव फ्लेक्सी-कैप म्यूचुअल फंड्स में शामिल पराग पारिख फ्लेक्सी कैप फंड ने जनवरी 2026 में अपने पोर्टफोलियो में कई अहम बदलाव किए हैं. जनवरी में फंड का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) बढ़कर लगभग 1,33,969 करोड़ रुपये हो गया, जो दिसंबर 2025 में करीब 1,33,308 करोड़ रुपये था. यानी महीने के दौरान फंड के आकार में 661 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी देखने को मिली.

किन शेयरों में बढ़ाई हिस्सेदारी?

फंड ने कई बड़े और मजबूत शेयरों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. इनमें ITC, TCS, सिप्ला, HCL टेक्नोलॉजीज, HDFC बैंक, इंफोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी, जायडस लाइफसाइंसेज, पावर ग्रिड (PGCIL) और ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग शामिल हैं. इससे साफ है कि फंड मैनेजमेंट ने आईटी, फार्मा, बैंकिंग, ऑटो और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सेक्टर्स पर भरोसा बनाए रखा है.

किन शेयरों में घटाई हिस्सेदारी?

जनवरी में फंड ने कोल इंडिया और MCX में अपनी हिस्सेदारी कम की. रिपोर्ट के अनुसार, कोल इंडिया के करीब 22 लाख से ज्यादा शेयर और MCX के लगभग 2,247 शेयर बेचे गए. यह कदम पोर्टफोलियो संतुलन या सेक्टर एक्सपोजर घटाने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है.

किस कंपनी से पूरी तरह बाहर निकला फंड?

फंड ने भारती एयरटेल से पूरी तरह एग्जिट ले लिया. इसके तहत पोर्टफोलियो से करीब 2.11 करोड़ शेयर बेच दिए गए. इतने बड़े स्तर पर निकासी को निवेश रणनीति में अहम बदलाव माना जा रहा है.

कौन-से नए शेयर जोड़े गए?

जनवरी में दो नई कंपनियों को पोर्टफोलियो में शामिल किया गया. इनमें CIE ऑटोमोटिव इंडिया के लगभग 4.62 लाख शेयर और CMS इन्फो सिस्टम के करीब 1.99 लाख शेयर खरीदे गए. यह संकेत देता है कि फंड मिड-कैप और इंडस्ट्रियल/सर्विस सेक्टर में नए अवसर तलाश रहा है.

किन शेयरों में कोई बदलाव नहीं?

कई कंपनियों में फंड की हिस्सेदारी पहले जैसी ही बनी रही. इनमें एक्सिस बैंक, ICICI बैंक, इंडियन एनर्जी एक्सचेंज, इंडस टावर्स, नेस्को, स्वराज इंजंस और जायडस वेलनेस जैसे शेयर शामिल हैं. यानी इन कंपनियों पर फंड का भरोसा बरकरार है.

कुल कितने शेयर पोर्टफोलियो में?

जनवरी 2026 के अंत तक फंड के पोर्टफोलियो में कुल 31 शेयर थे, जबकि दिसंबर में यह संख्या 30 थी. यानी एक नए स्टॉक के जुड़ने से पोर्टफोलियो थोड़ा और विविध हो गया. इससे इतर, फंड का मैनेजमेंट राजीव ठक्कर, रौनक ओंकार, राज मेहता, रुकुन ताराचंदानी, तेजस सोमन, मानसी कारिया और ऐश्वर्या धर की टीम कर रही है. इसका बेंचमार्क NIFTY 500 (TRI) है, यानी प्रदर्शन की तुलना व्यापक बाजार से की जाती है.

ये भी पढ़ें- PPFAS MF लॉन्च कर रही है दो नए इंटरनेशनल फंड, GIFT सिटी प्लेटफॉर्म से होगी शुरुआत, अमेरिकी बाजार से कमाई का मौका

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.