एक सरकारी नोटिस ने तोड़ा इस PSU स्टॉक का जोश, न्यू सिल्वर सेंटीमेंट में खूब चढ़ा, दिया 144% रिटर्न! सोमवार को रखें फोकस में
न्यू सिल्वर सेंटीमेंट के चलते जिस PSU शेयर ने बीते छह महीनों में जबरदस्त तेजी दिखाई थी, उस पर अब ब्रेक लग गया है. सरकार की ओर से जारी बड़े डिमांड नोटिस के बाद शेयर में दबाव देखने को मिला है. सोमवार को बाजार खुलते ही इस स्टॉक पर निवेशकों की खास नजर रहने वाली है.
Share Market news in Hindi: सोमवार को शेयर बाजार खुलते ही एक सरकारी कंपनी के शेयर निवेशकों की नजर में रह सकते हैं. वजह है एक बड़ा कानूनी नोटिस, जिसने बाजार में चिंता बढ़ा दी है. राज्य सरकार की ओर से करोड़ों रुपये की मांग सामने आने के बाद शेयर में पहले ही कमजोरी दिख चुकी है. हालांकि कंपनी ने आरोपों से इनकार किया है और कानूनी लड़ाई की बात कही है. यह मामला झारखंड से जुड़ा है और इसका असर आगे शेयर की चाल पर दिख सकता है. इस पूरे विवाद के केंद्र में है Hindustan Copper.
झारखंड सरकार का 929 करोड़ रुपये का डिमांड नोटिस
कंपनी ने एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि झारखंड सरकार के खनन एवं भूविज्ञान विभाग के तहत पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के जिला खनन कार्यालय (DMO) ने उसे ₹929 करोड़ से ज्यादा का डिमांड नोटिस जारी किया है.
इस नोटिस में आरोप लगाया गया है कि सुरदा माइंस में 2000-01 से 2016-17 के बीच बिना वैध कानूनी मंजूरी या तय सीमा से ज्यादा उत्पादन किया गया.
सरकार की ओर से जारी नोटिस माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट, 1957 की धारा 21(5) के तहत दिया गया है. यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के Common Cause जजमेंट के आधार पर की गई है. नोटिस कंपनी को 12 फरवरी को मिला था, जिसके बाद यह मामला सार्वजनिक हुआ.
कंपनी का जवाब क्या है
कंपनी ने साफ तौर पर इन आरोपों को खारिज किया है. उसने कहा है कि वह इस डिमांड नोटिस के खिलाफ कानूनी कदम उठा रही है. कंपनी का यह भी कहना है कि इस मामले का उसके वित्तीय नतीजों, ऑपरेशन या अन्य गतिविधियों पर असर अंतिम आदेश तक सीमित रहेगा.
शुक्रवार को शेयर में गिरावट
इस खबर का असर शुक्रवार को शेयर बाजार में दिखा. कंपनी का शेयर 5.31% गिरकर ₹591.50 पर बंद हुआ. अब निवेशकों की नजर इस बात पर है कि सोमवार को शेयर किस तरह प्रतिक्रिया देता है. बीते 6 महीने में कंपनी के शेयरों में शानदार बढ़त देखने को मिली है, “कॉपर है नया सिल्वर” सेंटीमेंट के चलते कंपनी के शेयरों ने 144 फीसदी का रिटर्न दे दिया.
Q3FY26 में शानदार नतीजे
हाल ही में कंपनी ने दिसंबर तिमाही (Q3FY26) के नतीजे घोषित किए थे, जो काफी मजबूत रहे. तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 148.49% बढ़कर ₹156 करोड़ रहा. पिछले साल की समान तिमाही में यह मुनाफा ₹62.87 करोड़ था. वहीं ऑपरेशन से रेवेन्यू 109.7% की बढ़त के साथ ₹687.34 करोड़ रहा.
इंटरिम डिविडेंड का भी एलान
कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025–26 के लिए 1 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड भी मंजूर किया है, जो ₹5 फेस वैल्यू पर 20 फीसदी बनता है. इसके लिए 13 फरवरी 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है और डिविडेंड का भुगतान 6 मार्च 2026 तक इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से किया जाएगा.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
India-Brazil ट्रेड डील पर अगले हफ्ते लगेगी मुहर, दवा कंपनियों की मौज! बनें स्मार्ट, अभी से इन 3 फार्मा स्टॉक को रखें रडार में
Q3 में घटा मुनाफा, फिर भी इस इंफ्रा कंपनी ने दिया बोनस और डिविडेंड का तोहफा, 1 पर 1 शेयर बांटेगी फ्री, ये है रिकॉर्ड डेट
आशीष कचोलिया के इस फेवरेट स्टॉक पर रखें नजर, Q3 में 100% बढ़ा कंपनी का मुनाफा, कर्ज भी ना के बराबर, फिर भी शेयर लुढ़का
