शेयर बाजार में हाहाकार! सेंसेक्स 1953 और निफ्टी 580 अंक टूटकर खुला, 5 मिनट में निवेशकों के करीब 8 लाख करोड़ स्वाहा

भारतीय शेयर बाजार में 19 मार्च को भारी गिरावट के साथ शुरुआत हुई. सेंसेक्स 1,953 अंक और निफ्टी 580 अंक टूटकर खुले. शुरुआती कारोबार में बिकवाली बढ़ी, जिससे निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ और कुछ ही मिनटों में मार्केट कैप में करीब ₹7.9 लाख करोड़ की गिरावट दर्ज की गई.

बाजार गिरा Image Credit: canva

गुरुवार, 19 मार्च को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई. BSE सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,704.13 के मुकाबले करीब 1,953 अंक गिरकर 74,750.92 पर खुला. वहीं निफ्टी 50 भी दबाव में रहा और पिछले बंद 23,777.80 से करीब 580 अंक टूटकर 23,197.75 पर ओपन हुआ. शुरुआती कारोबार में बाजार में तेज बिकवाली का दबाव देखने को मिला, जिससे दोनों प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में कारोबार करते नजर आए. बाजार खुलते ही बीएसई की कंपनियों का मार्केट कैप 43,069,787.86 रुपये पर आ गया जो 18 मार्च को 43,863,555.25 रुपये था. यानी कारोबार की शुरुआत होते ही निवेशकों के 793,767.39 रुपये स्वाहा हो गए.

शेयरों का हाल

  • गुरुवार, 19 मार्च को लगभग सभी सेक्टर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए.
  • बाजार में आईटी, बैंकिंग, ऑटो और मेटल सेक्टर के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई. सबसे ज्यादा दबाव HDFC Bank पर रहा, जो करीब 4.93% टूट गया. इसके अलावा L&T में 3.50%, Bajaj Finance में 3.10% और Asian Paints में 2.74% की गिरावट देखी गई.
  • आईटी सेक्टर में भी भारी बिकवाली रही, जहां Infosys और ICICI Bank दोनों करीब 2.09% टूटे, जबकि Tech Mahindra में 1.83% और TCS में 1.44% की कमजोरी दर्ज की गई.
  • ऑटो सेक्टर भी दबाव में रहा, जहां M&M में 2.63%, Maruti में 2.50% और Indigo में 2.51% की गिरावट आई.
  • वहीं, बैंकिंग सेक्टर में Axis Bank 2.55%, Kotak Bank 2.65% और SBI 1.36% टूटकर कारोबार करते दिखे.
  • इसके अलावा Adani Ports (-2.45%), UltraTech Cement (-2.20%) और Trent (-2.44%) जैसे शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली.

एशियाई बाजारों में गिरावट

  • गुरुवार, 19 मार्च को एशियाई शेयर बाजारों में कमजोरी देखने को मिली. जापान का प्रमुख इंडेक्स निक्केई करीब 1,363 अंक (-2.47%) गिरकर 53,875.94 पर आ गया.
  • वहीं, हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स भी दबाव में रहा और 408 अंक (-1.57%) टूटकर 25,616.72 पर कारोबार करता दिखा.
  • दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी गिरावट से अछूता नहीं रहा और यह 86 अंक (-1.46%) गिरकर 5,838.81 पर पहुंच गया.
  • वैश्विक अनिश्चितता और निवेशकों की सतर्कता के चलते एशियाई बाजारों में यह गिरावट देखने को मिल रही है.

इसे भी पढ़ें- IPL 2026 की आहट से झूमा ये स्टॉक, एक ऐलान से 10 फीसदी चढ़े शेयर, रिन्यूएबल सेक्टर का है बिग बुल!

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.