ATM से पैसे निकालना होगा महंगा, 1 जुलाई से Axis Bank बढ़ाएगा ट्रांजैक्शन चार्ज; RBI के नए नियम लागू
अगर आपका सेविंग्स अकाउंट Axis Bank में है या आप अक्सर एटीएम का इस्तेमाल करते हैं, तो आने वाले दिनों में आपके लिए कुछ जरूरी बदलाव लागू होने जा रहे हैं. इन बदलावों का असर आपके बैंकिंग खर्च पर पड़ सकता है.
अगर आप Axis Bank के ग्राहक हैं और महीने में कई बार एटीएम से पैसे निकालते हैं, तो अब आपको ज्यादा शुल्क देना होगा. बैंक ने अपने सेविंग्स और ट्रस्ट खाताधारकों के लिए एटीएम ट्रांजैक्शन शुल्क में बदलाव का ऐलान किया है. ये नए शुल्क 1 जुलाई 2025 से लागू होंगे. वहीं, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए दिशानिर्देशों के अनुसार 1 मई से ही एटीएम से फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा और चार्ज स्ट्रक्चर में बदलाव लागू हो चुका है.
क्या बदला है Axis Bank के एटीएम चार्ज में?
Axis Bank ने ऐलान किया है कि अब ग्राहक जब मुफ्त लेनदेन सीमा के बाद एटीएम से पैसे निकालेंगे या बैलेंस पूछताछ जैसी वित्तीय सेवाएं लेंगे, तो उन्हें 23 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन देना होगा. पहले यह शुल्क 21 रुपये था. यह बदलाव Axis Bank और अन्य बैंकों के एटीएम दोनों पर लागू होगा और इसमें सेविंग्स अकाउंट, एनआरआई, ट्रस्ट अकाउंट और कुछ प्रायोरिटी व बर्गंडी सेगमेंट के ग्राहक शामिल होंगे.
RBI का नया नियम, मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा तय
RBI ने 28 मार्च 2025 को अपने सर्कुलर में कहा था कि एटीएम इंटरचेंज शुल्क अब नेटवर्क द्वारा तय किया जाएगा और ग्राहकों से प्रति अतिरिक्त ट्रांजैक्शन अधिकतम 23 रुपये वसूले जा सकते हैं. यह नियम 1 मई 2025 से लागू हो चुका है.
इसके साथ ही RBI ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब मेट्रो शहरों में ग्राहक महीने में सिर्फ 3 मुफ्त एटीएम लेनदेन कर सकते हैं, जबकि नॉन-मेट्रो में यह सीमा 5 ट्रांजैक्शन की होगी. यह सीमा अपने बैंक और अन्य बैंकों के एटीएम दोनों पर लागू होगी.
अन्य बैंकों की क्या है पॉलिसी?
HDFC Bank अपने ग्राहकों को मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो में 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन देता है. इसके बाद हर कैश ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये और नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर 8.50 रुपये चार्ज करता है. वहीं SBI ने 1 फरवरी 2025 से अपनी पॉलिसी में बदलाव कर सभी ग्राहकों को 5 फ्री ट्रांजैक्शन SBI एटीएम पर और 10 ट्रांजैक्शन अन्य बैंकों के एटीएम पर उपलब्ध कराए हैं.
यह भी पढ़ें: मस्क की तिजोरी से 9 लाख करोड़ गायब! ट्रंप की दोस्ती पड़ी भारी; चीन से यूरोप तक हिल गया साम्राज्य
ATM इंटरचेंज शुल्क क्या है?
यह वह राशि होती है जो एक बैंक दूसरे बैंक को उस ग्राहक के एटीएम इस्तेमाल के लिए देता है जो उसके बैंक का नहीं है. जैसे अगर HDFC का ग्राहक SBI के एटीएम से पैसा निकालता है, तो HDFC, SBI को इंटरचेंज फीस देता है, जिसे वो ग्राहक से शुल्क के रूप में वसूलता है.
नए नियमों के तहत अब ज्यादा एटीएम उपयोग करने पर आपकी जेब पर असर पड़ सकता है। इसलिए बेहतर होगा कि आप डिजिटल ट्रांजैक्शन या एक ही बार में जरूरी कैश निकालने की रणनीति अपनाएं।
Latest Stories
PF निकालने से पहले जांच लें EPFO की ये 6 डिटेल , वरना अटक सकता है आपका क्लेम
8th Pay Commission में OPS vs NPS पर घमासान, कर्मचारियों ने मांगी गारंटीड पेंशन
इमरजेंसी फंड के लिए FD बनवा रहे हैं? ये एक गलती पड़ सकती है भारी, अपनाएं ये तरीका
