TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Closing Bell: छठे दिन मार्केट में तेजी, निफ्टी 26000 के ऊपर और सेंसेक्स 370 अंक उछलकर बंद; हरे निशान में सभी सेक्टर्स

Closing Bell: सोमवार 17 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार में कमजोर वैश्विक संकेतों के बावजूद, व्यापक स्तर पर अच्छी खरीदारी देखी गई. दूसरी तिमाही के अच्छे नतीजों और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की संभावनाओं ने बाजार के सेंटीमेंट को बल दिया.

शेयर बाजार क्लोजिंग अपडेट्स. Image Credit: Tv9

Closing Bell: सोमवार को भारतीय शेयर बाजारों में तेजी दर्ज की गई. दूसरी तिमाही की आय की उम्मीदों में सुधार के कारण व्यापक स्तर पर उत्साह बना रहा, जबकि संभावित अमेरिकी-भारत व्यापार समझौते की प्रगति को लेकर अनिश्चितता के बीच निवेशक सावधानी से कदम बढ़ाते बढ़ाते हुए नजर आए. 17 नवंबर को भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स पॉजिटिव रुख के साथ बंद हुए और निफ्टी 26,000 के आसपास रहा.

सेंसेक्स 388.17 अंक या 0.46 फीसदी बढ़कर 84,950.95 पर और निफ्टी 103.40 अंक या 0.40 फीसदी बढ़कर 26,013.45 पर बंद हुआ. लगभग 1862 शेयरों में तेजी, 2068 शेयरों में गिरावट और 155 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ.

टॉप गेनर्स और लूजर्स

बजाज ऑटो, टाटा कंज्यूमर, आयशर मोटर्स, मैक्स हेल्थकेयर, श्रीराम फाइनेंस निफ्टी पर टॉप गेनर्स की लिस्ट में रहे, जबकि टीएमपीवी, अडानी एंटरप्राइजेज, एचडीएफसी लाइफ, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अल्ट्राटेक सीमेंट में गिरावट दर्ज की गई.

निफ्टी50 पर टॉप गेनर्स

शेयरउछाल (%)
इटरनल1.96
टाटा कंज्यूमर1.81
मैक्स हेल्थ1.71
आयशर मोटर्स1.62
श्रीराम फाइनेंस1.29

सेक्टरोल इंडेक्स

अन्य सभी सेक्टरोल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए, जिनमें ऑटो, बैंक, मीडिया और पीएसयू बैंक 0.5-1 फीसदी तक बढ़े.

3 लाख करोड़ रुपये की कमाई

निवेशकों ने एक ही सत्र में 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की, क्योंकि बीएसई-लिस्टेड फर्मों का कुल मार्केट कैप पिछले सत्र के 474 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 477 लाख करोड़ रुपये हो गया. छह सत्रों में सेंसेक्स और निफ्टी 50 में 2-2 फीसदी की वृद्धि हुई है.

बैंकिंग स्टॉक्स में रैली

आज की रैली मुख्य रूप से बैंकों के कारण आई, जिसमें सार्वजनिक क्षेत्र के तथा निजी क्षेत्र के दोनों ही बैंकों के शेयर मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए, जिससे बेंचमार्क इंडेक्स को जरूरी सपोर्ट मिला और वे अपने रिकॉर्ड हाई लेवल के करीब पहुंच गए.

कंसोलिडेशन फेज से बाहर निकला बैंक निफ्टी

एसबीआई सिक्योरिटीज के टेक्निकल डेरिवेटिव रिसर्च प्रमुख ने कहा, ‘ बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने अपनी तेजी जारी रखी और 0.40% की बढ़त के साथ 26000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर बंद हुआ, जिससे बाजार में तेजी का रुझान और मजबूत हुआ. बैंक निफ्टी ने भी अपने कंसोलिडेशन फेज से बाहर निकलकर सोमवार को एक नए ऑल टाइम हाई लेवल को छुआ, जिससे बैंकिंग क्षेत्र में मजबूती का संकेत मिला.’

व्यापक बाजार में भी यह पॉजिटिव रुख देखने को मिला. निफ्टी मिडकैप 100 ने अपनी ऊपर की यात्रा जारी रखी और एक नए ऑल टाइम हाई लेवल को छुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 0.52% की अच्छी बढ़त के साथ बंद हुआ. बाजार का दायरा सकारात्मक बना रहा, और बढ़त/गिरावट रेश्यो बढ़त वाले शेयरों के पक्ष में रहा. निफ्टी 500 के 328 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, जो अलग-अलग क्षेत्रों में मजबूत भागीदारी को दर्शाता है.

निफ्टी व्यू

वर्तमान चार्ट स्ट्रक्चर को देखते हुए, निफ्टी अपनी तेजी की यात्रा जारी रखते हुए 26150 के स्तर को छू सकता है, जिसके बाद शॉर्ट टर्म में 26300 का स्तर भी छू सकता है. नीचे की ओर, सपोर्ट 25900-25880 के क्षेत्र में ऊपर की ओर शिफ्ट हो रहा है.

यह भी पढ़ें: कंपनी को मार्केट वैल्यू से मिला 653% बड़ा ऑर्डर, बनाएगी देश का पहला AI एक्वा पार्क; धड़ाधड़ बिकने लगे शेयर